सन्मार्ग संवाददाताश्री विजयपुरम : नई दिल्ली में आयोजित 19 जून, 2026 को क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारियों के सम्मेलन और पासपोर्ट सेवा दिवस 2026 के दौरान भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा अंडमान तथा निकोबार प्रशासन को प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार वर्ष 2025-2026 के दौरान अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह के नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करने में प्रशासन की उच्च स्तरीय सेवा, प्रतिबद्धता और सुशासन में योगदान को मान्यता देते हुए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार भारत सरकार के माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर द्वारा प्रदान किया गया। यह राष्ट्रीय मान्यता अंडमान तथा निकोबार प्रशासन, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, डाक सेवाओं और द्वीपसमूह में कुशल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित पासपोर्ट सेवाएं सुनिश्चित करने में शामिल सभी हितधारकों के समर्पित प्रयासों को उजागर करती है। भौगोलिक चुनौतियों और केंद्र शासित प्रदेश के दूरस्थ होने के बावजूद, प्रशासन ने निवासियों को समय पर और सुलभ पासपोर्ट संबंधी सेवाएं प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य किया है। यह पुरस्कार द्वीपों के लोगों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा, शिक्षा, रोज़गार, व्यापार और पर्यटन के अवसरों को सुगम बनाने में पासपोर्ट सेवाओं के बढ़ते महत्व को भी दर्शाता है। वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से उन्नत हवाई संपर्क सहित क्षेत्र की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी ने कुशल पासपोर्ट सेवा वितरण की आवश्यकता को और भी मजबूत किया है।
इस मान्यता के लिए आभार व्यक्त करते हुए, प्रशासन ने सार्वजनिक सेवा वितरण में निरंतर सुधार करने और यह सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की कि नागरिकों को आसानी और सुविधा के साथ सर्वाेत्तम पासपोर्ट सेवाएं प्राप्त हों।