सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : कच्छाल द्वीप के निवासियों को सूचित किया गया है कि अपरिहार्य लॉजिस्टिक परिस्थितियों तथा नियमित जहाज सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण द्वीप में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है। प्रशासन ने कहा है कि वह द्वीपवासियों को हो रही कठिनाइयों से पूरी तरह अवगत है तथा एलपीजी की नियमित आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस उद्देश्य से भरे हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडरों को कच्छाल द्वीप तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था की संभावनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, ताकि गैस का भंडार शीघ्र पुनः उपलब्ध कराया जा सके।
तत्काल राहत उपाय के रूप में प्रशासन ने भारतीय नौसेना से सहायता मांगी है। इसके तहत नौसेना का एक पोत अगले लगभग छह दिनों के भीतर श्री विजयापुरम से भरे हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडरों को कच्छाल द्वीप पहुंचाने के लिए रवाना किए जाने की संभावना है। इससे द्वीप में एलपीजी की आपूर्ति बहाल होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की तत्काल आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी। प्रशासन ने कच्छाल द्वीप के सभी निवासियों से इस अवधि के दौरान सहयोग एवं धैर्य बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आवश्यक वस्तु के रूप में एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपूर्ति को यथाशीघ्र सामान्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।