बीजिंग : चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बृहस्पतिवार को ताइवान के साथ शांतिपूर्ण एकीकरण की वकालत करते हुए कहा कि इतिहास की धारा को रोका नहीं जा सकता और मातृभूमि का पूर्ण एकीकरण होकर रहेगा। हालांकि, ताइवान ने उनके बयान को खारिज करते हुए चीन के प्रस्ताव पर कड़ा विरोध जताया है। बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में क्रांतिकारी नेता सन यात-सेन की 160वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शी ने कहा कि चीन शांतिपूर्ण एकीकरण और ‘एक देश, दो व्यवस्था’ की नीति पर कायम है। उन्होंने ताइवान के साथ बातचीत की इच्छा भी जताई। ताइवान की मुख्यभूमि मामलों की परिषद ने कहा कि वहां की सरकार और जनता ‘एक देश, दो व्यवस्था’ के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं कर सकती, क्योंकि इससे चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अधीन शासन करना पड़ेगा। इस बीच, ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने गुरुवार को द्वीप के आसपास 29 चीनी सैन्य विमानों और कई युद्धपोतों की गतिविधियां दर्ज कीं। यह बयान ऐसे समय आया है, जब अगले सप्ताह चीन के शेनझेन में एपीईसी शिखर सम्मेलन होना है।