नई दिल्लीः मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। दिल्ली भाजपा ने एक बयान में उनके निधन की जानकारी दी।
कौशल दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज के पति थे। उनकी बेटी बांसुरी स्वराज नयी दिल्ली से सांसद हैं। पार्टी ने एक संदेश में कहा, ‘‘हमें मिजोरम के पूर्व राज्यपाल, वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल के आकस्मिक निधन की सूचना देते हुए दुख हो रहा है।’’
सीने में दर्द की शिकायत हुई थी
एक भाजपा नेता ने बताया कि दोपहर में कौशल ने सीने में दर्द की शिकायत की जिसके बाद उन्हें एम्स ले जाया गया और वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाजपा नेता ने बताया कि कौशल का अंतिम संस्कार लोधी रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा।
बांसुरी स्वराज ने ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट में कहा कि उनके पिता का स्नेह, अनुशासन, सादगी, देशभक्ति और असीम धैर्य उनके जीवन का प्रकाश पुंज था।
पीएम मोदी ने एक्स पर जतायी संवेदना
स्वराज कौशल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा है- श्री स्वराज कौशल जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। उन्होंने एक वकील और एक ऐसे व्यक्ति के रूप में अपनी पहचान बनाई जो वंचितों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कानूनी पेशे का उपयोग करने में विश्वास रखते थे। वे भारत के सबसे युवा राज्यपाल बने और अपने कार्यकाल के दौरान मिजोरम के लोगों पर अमिट छाप छोड़ी। एक सांसद के रूप में उनकी अंतर्दृष्टि भी उल्लेखनीय थी। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनकी बेटी बांसुरी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हैं। ॐ शांति।
प्रधानमंत्री के अलावा अन्य भाजपा नेताओं ने भी शोक प्रकट किया है और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी है।
सर्वशक्तिमान ईश्वर की उपस्थिति में मां से पुनर्मिलनः बांसुरी
नयी दिल्ली से भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘दिल गहरी पीड़ा से भर गया है, फिर भी मन में यह विश्वास है कि अब आपका सर्वशक्तिमान ईश्वर की उपस्थिति में मां से पुनर्मिलन हो गया है और आपको असीम शांति प्राप्त हुई है। आपकी बेटी होना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गौरव है और आपकी विरासत, मूल्य एवं आशीर्वाद मेरे आगे के सफर का आधार होंगे।’’
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कौशल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन की खबर पीड़ादायक है। उन्होंने सार्वजनिक जीवन और विधि क्षेत्र में कौशल के योगदान को याद किया तथा कहा कि राष्ट्र और समाज के प्रति उनकी सेवा अविस्मरणीय है।