सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान और निकोबार द्वीप समूह एकीकृत विकास निगम लिमिटेड की पहल पर अंडमान निकोबार सेलिंग क्लब द्वारा स्कूली बच्चों के लिए आयोजित ग्रीष्मकालीन नौकायन शिविर का 11 जुलाई को मरीना पार्क स्थित जल क्रीड़ा परिसर में प्रतिभागी बच्चों द्वारा प्रस्तुत नौकायन प्रदर्शन के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष दस छात्र नाविकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अंडमान एवं निकोबार प्रशासन की आयुक्त-सह-सचिव चंचल यादव, सूचना, प्रचार एवं पर्यटन विभाग के निदेशक विनायक चमड़िया, जिला पुलिस अधीक्षक श्वेता सुगाथन, कमोडोर नितेश गर्ग, एनएवीसीसी, अंडमान एवं निकोबार कमान, स्किफ सेलिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधि, बच्चों के अभिभावक तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने अपने संबोधन में शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह एकीकृत विकास निगम लिमिटेड को स्कूली बच्चों के हित में इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को नौकायन जैसी उपयोगी खेल विधा सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, समयपालन, पारस्परिक सहयोग, निर्भीकता तथा टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित करते हैं, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए अधिक जिम्मेदार, आत्मविश्वासी और सक्षम बनाते हैं। मुख्य सचिव ने हाल ही में लिटल अंडमान में सफलतापूर्वक आयोजित सर्फिंग महोत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में विभिन्न प्रकार के जल क्रीड़ाओं के विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि द्वीपों में आने वाले पर्यटक अब जल आधारित साहसिक गतिविधियों में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। इसलिए पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं और द्वीपवासियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जल क्रीड़ाओं की विविधता में विस्तार किया जाना आवश्यक है। मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय नौकायन चैंपियनशिप की तैयारी के लिए एक वर्ष के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु चयनित दस छात्र नाविकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इसके पश्चात उन्होंने इन विद्यार्थियों के नौकायन प्रदर्शन का शुभारंभ किया तथा स्वयं उपस्थित रहकर उनके प्रदर्शन का अवलोकन किया। अपने संबोधन में आयुक्त-सह-सचिव चंचल यादव ने इस पहल की सफलता में योगदान देने वाले सभी व्यक्तियों, विशेषकर प्रशिक्षकों और मार्गदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी समर्पित सेवाओं के कारण ही शिविर सफलतापूर्वक आयोजित हो सका। उन्होंने द्वीपवासियों, विशेषकर बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अभिभावकों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने अपने बच्चों को नौकायन सीखने के लिए प्रेरित कर इस पहल पर विश्वास जताया।