नाहन : हिमाचल प्रदेश के नाहन में सुलेमान नामक अभियुक्त को सोशल मीडिया पर भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाला पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्थानीय लोगों से मिली सूचना के बाद पुलिस ने रविवार को सुलेमान को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी सुलेमान पांवटा साहिब शहर में वापस आ गया है। सुलमान के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद वह कुछ दिनों के लिए गायब हो गया था। पांवटा साहिब के स्थानीय लोगों ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सुलेमान ने भारत विरोधी सामग्री पोस्ट की और पाकिस्तान के खिलाफ की गयी कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की है।
शिकायत में कहा गया है कि व्यक्ति के पोस्ट से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है और राष्ट्र विरोधी भाषा का इस्तेमाल किया गया है जो देशद्रोह के गंभीर कृत्य के बराबर है। शिकायत के आधार पर 27 मई को व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पांवटा साहिब के बद्रीपुर तहसील के खड्डा कॉलोनी में रहने वाले फल और सब्जी विक्रेता सुलेमान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्य) लगाई गयी है।
वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद वह गायब हो गया और रविवार को पांवटा लौटा और फिर स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सुलेमान की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निश्चित सिंह नेगी ने कहा कि यह जिले में अपनी तरह का पहला मामला है, क्योंकि प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 के तहत दर्ज की गयी है। पांवटा थाना प्रभारी देवी सिंह ने कहा कि सुलेमान को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।