अभिनेता शाहरुख खान की बेटी सुहाना 
देश/विदेश

कृषि भूमि खरीदकर फंसी सुहाना

अलीबाग में लगभग 12 करोड़ 91 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी, अब जांच शुरू

बाॅलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान पर किसान बनकर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग इलाके में करोड़ों की कृषि भूमि खरीदने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय प्रशासन इसकी जांच कर रहा है। महाराष्ट्र राज्य के कानून के अनुसार, केवल एक किसान ही कृषि भूमि खरीद सकता है। जांच के बाद जमीन का सौदा रद्द किया जा सकता है। सुहाना पर इस कृत्य के लिए जुर्माना भी लगाया जा सकता है। एक रिपोर्ट में बताया गया कि जमीन का सौदा वर्ष 2023 में किया गया था।

12 करोड़ 91 लाख रुपये की जमीन

दस्तावेजों के अनुसार, सुहाना ने अलीबाग में लगभग 12 करोड़ 91 लाख रुपये में जमीन खरीदी, जो डेजा वू फार्म प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर पंजीकृत थीं। बड़ी बात यह है कि इस सौदे में सुहाना को किसान बताया गया है। प्रशासन ने इस लेन-देन को लेकर कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। अलीबाग के तहसीलदार से इस मामले को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। डिप्टी कलेक्टर ने भी इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

तीन बहनों से खरीदी जमीन

बताया जाता है कि मुंबई के अलीबाग के गांव थाल की जिस जमीन को सुहाना ने खरीदा है उसे सरकार ने खेती करने के लिए आवंटित किया था, इसपर पर किसान ही खेती कर सकते हैं। सुहाना ने इस गांव की अंजलि, रेखा और प्रिया नाम की तीन बहनों से जमीन खरीदी। इन तीनों बहनों को यह जमीन अपने माता-पिता से मिली थी। सुहाना ने जब यह जमीन खरीदी तो इसके लिए लगभग 77.46 लाख रुपये स्टैंप ड्यूटी भी भरी थी। अब इस मामले की जांच हो रही है।

SCROLL FOR NEXT