नई दिल्लीः कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को मंगलवार देर शाम दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी स्थिति अभी स्थिर है। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि डॉक्टर पेट और यूरिन संक्रमण की जांच कर रहे हैं। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। सोनिया को एंटीबायोटिक दवाएं भी दी जा रही हैं। इस बीच मां की बीमारी के कारण लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपना केरल दौरा रद्द कर दिया है।
गौरतलब है कि सोनिया गांधी अस्थमा की मरीज हैं और हमेशा चेक अप के लिए गंगाराम अस्पताल ही जाती रही हैं। गांधी परिवार का भरोसा गंगाराम अस्पताल पर इतना है कि प्रियंका गांधी के बच्चे भी यहीं पैदा हुए हैं। इस बार भी सोनिया गांधी की तबीयत खराब है जिसकी वजह से राहुल गांधी ने केरल का अपना दौरा रद्द कर दिया और उनके बदले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे केरल गए हैं।