सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : सतत विकास को बढ़ावा देने और दूरस्थ क्षेत्रों में पुलिस अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अंडमान एवं निकोबार पुलिस ने निकोबार जिले के चार दूरस्थ पुलिस चौकियों — सवाई, चौरा, मकाचुआ और अफरा बे — में 5 किलोवाट क्षमता वाले हाइब्रिड सौर ऊर्जा सिस्टम सफलतापूर्वक स्थापित किए हैं। इन सौर प्रणालियों की स्थापना से पहले इन चौकियों को सीमित बिजली उपलब्धता के कारण गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता था। पुलिसकर्मी मुख्य रूप से डीजल जनरेटर पर निर्भर थे, जिसके कारण प्रकाश व्यवस्था, पंखे, जल पंप और संचार उपकरणों जैसे आवश्यक संसाधनों का उपयोग सीमित हो जाता था। मानसून और अत्यधिक गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। इन लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए अंडमान एवं निकोबार पुलिस ने 13 फरवरी 2026 को प्राइस वॉटरहाउस कूपर्स इंडिया फाउंडेशन के साथ कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। मई 2026 में इन सौर पैनलों की स्थापना पूरी कर ली गई और अब ये पूरी तरह से संचालित हैं। इस पहल से चौकियों में प्रतिकूल मौसम के दौरान भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हुई है, डीजल जनरेटर पर निर्भरता कम हुई है तथा पुलिसकर्मियों के रहने और कार्य करने की परिस्थितियों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। 18 मई को इन सौर ऊर्जा प्रणालियों का औपचारिक उद्घाटन अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के पुलिस महानिदेशक हरगोबिंदर सिंह ढालीवाल, द्वारा किया गया। विभाग ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग देने के लिए पीडब्ल्यूसी इंडिया फाउंडेशन के अधिकारियों, श्री जयवीर सिंह तथा विराज एस. हुड्डा के प्रति आभार व्यक्त किया।