मिसिसिपी : अमेरिका के मिसिसिपी तट के पास एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दो बच्चों सहित छह लोगों के शव बरामद किये गये। अमेरिकी तटरक्षक बल के प्रवक्ता जुआन रॉस के अनुसार, 'सेसना 210' विमान मेक्सिको की खाड़ी में मिसिसिपी के पास्कागूला और हॉर्न आइलैंड के बीच गिरा। हॉर्न आइलैंड, 'गल्फ आइलैंड्स नेशनल सीशोर' का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि विमान में चार वयस्क और आठ तथा 10 वर्ष की आयु के दो लड़के सवार थे। बचाव कर्मियों ने इन लोगों की तलाश में कई घंटे बिताए और शुरुआत में उन्हें पानी पर तैरते हुए केवल तीन 'लाइफ जैकेट', एक जीवनरक्षक नौका और विमान का केबिन ही मिला था। उड़ान पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटअवेयर' के अनुसार, सेसना विमान न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स जा रहा था।