जंगल में लगी आग 
देश/विदेश

दक्षिणी यूरोप में भीषण जंगल की आग से हालत गंभीर

स्पेन, फ्रांस और इटली में बड़े पैमाने पर निकासी

स्पेन : दक्षिणी यूरोप के कई देशों में जंगलों में लगी भीषण आग लगातार फैल रही है। फ्रांस, स्पेन और इटली के अधिकारी तेज गर्मी और तेज हवाओं से भड़की आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस बीच कई इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

स्पेन ने राजधानी मैड्रिड और आविला प्रांत के आसपास के क्षेत्रों में जंगल की आग से समुदायों को खतरा देखते हुए राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह बताया कि मैड्रिड के पश्चिम में स्थित विला डेल प्राडो और सान मार्टिन दे वाल्देइग्लेसियास कस्बों में लगी आग अभी भी नियंत्रण से बाहर है। हालांकि, आपातकालीन दलों ने पिछले कुछ घंटों में आग के फैलाव को कुछ हद तक सीमित करने में सफलता हासिल की है। इस क्षेत्र से हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। उधर, फ्रांस ने यूरोपीय संघ के सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म को सक्रिय करने का अनुरोध किया है, क्योंकि पश्चिमी यूरोप भीषण जंगल की आग और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का सामना कर रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया पर कहा कि विशेष रूप से दक्षिण-पश्चिमी जिरोंद विभाग में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है, जहां अब तक 8,700 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र आग की चपेट में आ चुका है। जिरोंद में आग मंगलवार को साओमोस क्षेत्र में शुरू हुई थी और अब यह ले पोर्ज तथा लेज-कैप-फेरे तक फैल चुकी है। इन इलाकों से लोगों को उनके घरों से सुरक्षित निकाल लिया गया है। अब तक इस क्षेत्र से लगभग 20,000 लोगों को निकाला जा चुका है।

वहीं, दक्षिण-पूर्वी फ्रांस के वार विभाग में स्थित कोरेंस और मोंटफोर्ट-सुर-आर्जेंस गांवों के आसपास भी आग तेजी से फैल रही है। गुरुवार शाम तक यहां करीब 2,700 हेक्टेयर क्षेत्र जल चुका था। इटली के सिसिली द्वीप पर भी जंगल की भीषण आग लगातार फैल रही है। क्षेत्रीय सरकार के अनुसार, सबसे गंभीर आग कासाबोली , बिवोना , अलीमेना, सान कैटल्डो , गलाती मामेर्तीनो , मदोनी क्षेत्रीय प्राकृतिक उद्यान के कुछ हिस्सों और सिराक्यूज क्षेत्र में भड़की है।

SCROLL FOR NEXT