स्ट्रेट ऑफ होर्मुज 
देश/विदेश

ईरान-अमेरिका में फिर बातचीत के संकेत

प्रतिबंधों को वापस लेने का अमेरिकी प्रस्ताव

काहिरा/वाशिंगटन : ईरान ने अपनी अर्थव्यवस्था को अलग-थलग करने के लिए अमेरिका द्वारा लगाए गए नए प्रतिबंधों का जवाब देने की चेतावनी दी है। हालांकि, तेहरान ने संकेत दिया है कि वह शांति वार्ता फिर शुरू करने के लिए तैयार है। पाकिस्तान की मध्यस्थता के बीच अमेरिका ने कथित तौर पर बातचीत के नए दौर से पहले या उसके दौरान प्रतिबंधों को वापस लेने की पेशकश की है। ईरानी संसद की विदेश संबंध समिति के प्रमुख अब्बास गोलरू ने कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर सोमवार को अमेरिकी संदेश लेकर ईरान पहुंचे थे। उन्होंने ईरानी समाचार एजेंसी आईएसएनए से कहा कि ऐसा लगता है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य रुकी हुई राजनीतिक प्रक्रिया को फिर से शुरू करना था। अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने सोमवार को ईरान पर दबाव बढ़ाते हुए 60 व्यक्तियों, संस्थाओं और जहाजों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। हालांकि, ईरान के तेल कारोबार में मदद करने वाले संदिग्ध चीनी वित्तीय संस्थानों को इस सूची में शामिल नहीं किया गया।

चीन ने अमेरिकी दबाव का किया विरोध

चीन पिछले कई वर्षों से ईरानी तेल का सबसे बड़ा खरीदार रहा है। हालांकि, जुलाई के मध्य में अमेरिका द्वारा ईरान की बंदरगाह नाकाबंदी दोबारा शुरू किए जाने के बाद चीन को ईरानी तेल की आपूर्ति में कमी आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अगले महीने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात की उम्मीद है। चीन ने मंगलवार को कहा कि ईरान के साथ उसका सहयोग अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में है और इसमें किसी तरह का हस्तक्षेप या बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।

होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर भी चर्चा

पाकिस्तान की सेना ने कहा कि ईरान के साथ हालिया बातचीत में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। वार्ता में तनाव को और बढ़ने से रोकने तथा रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर चर्चा हुई। ईरान पहुंचे पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर के साथ गए गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि बातचीत बेहद रचनात्मक रही। ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय के अधिकारी मेहदी तबाताबेई ने भी कहा कि मुनीर की यात्रा से महत्वपूर्ण कूटनीतिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं, जिनके परिणाम जल्द सामने आएंगे।

SCROLL FOR NEXT