देश/विदेश

कृषि विकास में बंगाल मॉडल, शिवराज ने की सराहना

बंगाल ने कृषि विकास योजना के तहत 86 प्रतिशत कार्य पूरा किया

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि विकास के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की जमकर सराहना की है। इस खबर की पुष्टि स्वयं राज्य के कृषि मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने की है। गुरुवार को आयोजित एक वर्चुअल बैठक में उन्होंने राज्य सरकार के कामकाज की प्रशंसा करते हुए पश्चिम बंगाल को अन्य राज्यों के लिए मॉडल बताया। इस प्रशंसा को राज्य की ममता बनर्जी सरकार की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे एक बार फिर राज्य भाजपा नेताओं पर राजनीतिक दबाव बढ़ा है।

नवान्न सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से वर्चुअल माध्यम के जरिए केंद्रीय कृषि मंत्री ने पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) और कृषि उन्नति योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि चालू वित्त वर्ष में पश्चिम बंगाल ने RKVY के तहत 86 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्री ने राज्य के कृषि विभाग की खुलकर सराहना की। सूत्रों के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल को एक मॉडल के रूप में पेश करते हुए अन्य राज्यों को उसकी कार्यप्रणाली अपनाने का सुझाव भी दिया।

राज्य के कृषि मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में केंद्र सरकार ने RKVY के तहत पहली किस्त के रूप में 220 करोड़ 35 लाख रुपये और कृषि उन्नति योजना के तहत 126 करोड़ 25 लाख रुपये राज्य को जारी किए हैं। पहली किस्त की पूरी राशि का उपयोग राज्य सरकार कर चुकी है। कृषि विभाग के सूत्रों ने बताया कि दूसरी किस्त के लिए राज्य सरकार ने केंद्र के कृषि मंत्रालय को क्रमशः 220 करोड़ 34 लाख रुपये और 88 करोड़ 75 लाख रुपये के प्रस्ताव भेजे हैं। राज्य सरकार को उम्मीद है कि आगामी किस्त की राशि जल्द जारी होगी, जिससे कृषि विकास की गति और तेज हो सकेगी।

SCROLL FOR NEXT