देश/विदेश

शरद पवार की हालत स्थिर, सेहत में सुधार : चिकित्सक

रुबी हॉल क्लीनिक में भर्ती शरद पवार की हालत स्थिर

Bishakhaa Tiwari

पुणे : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के अध्यक्ष शरद पवार की हालत स्थिर है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। चिकित्सकों ने सोमवार को यह जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री व मौजूदा राज्यसभा सदस्य पवार को शरीर में पानी की कमी होने संबंधी समस्याओं के कारण रविवार को यहां के रुबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल के मुख्य हृदयरोग विशेषज्ञ, अध्यक्ष और प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज ग्रांट ने एक बयान में कहा, ‘‘शरद पवार की चिकित्सकीय स्थिति स्थिर है और उनमें लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने तरल पदार्थ और हल्का आहार लेना शुरू कर दिया है, और उनके महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानदंड सामान्य सीमा के भीतर हैं।’’

डॉ. ग्रांट ने कहा कि पवार की चिकित्सकीय सहायता जारी रहेगी और पूर्ण स्वस्थ होने तथा पर्याप्त आराम सुनिश्चित करने के लिए अगले दो दिनों तक उन्हें निगरानी में रखा जाएगा। इससे पहले, पूर्व केंद्रीय मंत्री को सीने में संक्रमण के बाद नौ फरवरी को रुबी हॉल क्लीनिक अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था और उन्हें 14 फरवरी को छुट्टी दे दी गई थी।

SCROLL FOR NEXT