देश/विदेश

“सेट सेल, अंडमान!” युवाओं के लिए अनिडको का रोमांचक सेलिंग कार्यक्रम शुरू

स्कूली बच्चों के लिए अंडमान में शुरू होगा सेलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम

अनिडको की पहल, युवाओं को नौकायन खेल से जोड़ने की योजना

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह एक नई और रोमांचक दिशा की ओर बढ़ रहा है, जहां अंडमान निकोबार द्वीपसमूह एकीकृत विकास निगम (अनिडको) अपने कॉर्पारेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत स्कूली बच्चों को पर्यावरण-अनुकूल और आकर्षक खेल सेलिंग (नौकायन) से परिचित कराने जा रहा है। यह कार्यक्रम अनिडको के अण्डमान निकोबार सेलिंग क्लब (एएनएससी) के सहयोग से संचालित किया जाएगा। पहले चरण में, 7 से 14 वर्ष आयु वर्ग के स्कूली बच्चों को सेलिंग के मूलभूत कौशल सिखाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण मई और जून, 2026 के दौरान आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक बैच में 10 से 15 प्रतिभागी होंगे और कुल लगभग 100 बच्चों को शामिल किया जाएगा। प्रत्येक बैच का प्रशिक्षण एक सप्ताह की अवधि का होगा। सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद प्रत्येक प्रतिभागी को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण की सटीक प्रारंभ तिथि अलग से सूचित की जाएगी। इच्छुक बच्चे क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध गूगल फॉर्म के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या अपने-अपने विद्यालय के प्रधानाचार्यों के माध्यम से निदेशक (शिक्षा) को आवेदन भेज सकते हैं। किसी भी जानकारी या प्रश्न के लिए एग्नेल सेबास्टियन (फोन 03192-232098) से संपर्क किया जा सकता है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल, 2026 है। चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। यह कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क होगा। इसका मुख्य उद्देश्य द्वीपों में युवा नौकायन प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रारंभिक प्रशिक्षण में प्रदर्शन के आधार पर 10 से 15 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें लगभग दो वर्षों के उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चुना जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। इसके अतिरिक्त, अनिडको 12वीं पास और सेलिंग, कयाकिंग तथा तैराकी जैसे जल खेलों का बुनियादी ज्ञान रखने वाले 10 उम्मीदवारों का चयन सेलिंग प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण देने के लिए करेगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम यॉटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (वाईएआई) के प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा तीन महीने की अवधि में संचालित किया जाएगा। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद 2 उम्मीदवारों को श्री विजय पुरम सेलिंग क्लब में सहायक सेलिंग प्रशिक्षक/बोटमैन के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

यह प्रस्तावित सेलिंग कार्यक्रम श्री विजय पुरम के अबर्डीन बाज़ार स्थित जल क्रीड़ा परिसर में आयोजित किया जाएगा। अनिडको द्वीपों में सेलिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सामान्य बुनियादी ढांचे के विकास की भी योजना बना रहा है, जिसमें छोटी नौकाओं और यॉट्स के लिए निर्धारित ठहराव स्थल, उपकरण भंडारण क्षेत्र, नाव संचालन और लॉन्चिंग सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक सेवाएं शामिल होंगी। इससे निजी व्यक्तियों की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा और नियमित मनोरंजक नौकायन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही, अंडमान तथा निकोबार प्रशासन गैर-यांत्रिक नौकाओं के पंजीकरण के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है, जिससे क्षेत्र में नौकायन गतिविधियों को सुव्यवस्थित और विनियमित किया जा सकेगा। अपने स्वच्छ समुद्री जल, अनुकूल पवन परिस्थितियों और सुंदर द्वीपीय परिदृश्यों के कारण अण्डमान तथा निकोबार द्वीपसमूह में लेज़र सेलिंग, यॉट पर्यटन और सेलिंग प्रतियोगिताओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। सेलिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने से न केवल पर्यटन क्षेत्र में विविधता आएगी, बल्कि उच्च मूल्य वाले एडवेंचर और समुद्री पर्यटन को भी आकर्षित किया जा सकेगा। इससे ये द्वीप हिंद महासागर क्षेत्र में एक विशिष्ट और प्रमुख सेलिंग गंतव्य के रूप में उभर सकते हैं, साथ ही पर्यावरणीय स्थिरता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

SCROLL FOR NEXT