देश/विदेश

पीएम से अंडमान के लिए सस्ती उड़ानों की मांग

अंडमान के लिए उड़ानें बढ़ाने की उठी जोरदार मांग

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स ने 23 जुलाई को प्रधानमंत्री कार्यालय को एक पत्र भेजकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के लिए उड़ानों की कमी तथा अत्यधिक महंगे हवाई किरायों की समस्या के समाधान हेतु हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। अपने पत्र में अंडमान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स ने द्वीपसमूह में केंद्र सरकार द्वारा निरंतर दिए जा रहे सहयोग तथा विभिन्न प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही संगठन ने इस बात पर गंभीर चिंता जताई कि वर्तमान में पर्याप्त हवाई संपर्क का अभाव और अत्यधिक महंगे हवाई किराए पर्यटन उद्योग के सामने गंभीर चुनौतियां उत्पन्न कर रहे हैं। इसके कारण पर्यटकों की संख्या प्रभावित हो रही है तथा पर्यटन पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से निर्भर हजारों लोगों की आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अंडमान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के लिए हवाई संपर्क को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, उड़ानों की संख्या एवं सीट क्षमता में वृद्धि की जाए तथा हवाई किरायों को आम पर्यटकों की पहुंच के अनुरूप किफायती बनाया जाए। संगठन का कहना है कि यदि इन महत्वपूर्ण मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाता है तो अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह देश के अग्रणी पर्यटन स्थलों में अपनी पूरी क्षमता के साथ विकसित हो सकेगा और यहां के पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT