कीव : रूस और यूक्रेन के बीच एक-दूसरे पर ड्रोन से हमला करने का सिलसिला जारी रहने के बीच रातभर कई नागरिकों के हताहत होने की जानकारी मिली है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, रूस के तातारस्तान में दो लोगों की मौत हुई। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस ने काला सागर के बंदरगाह शहर ओडेसा पर ड्रोन हमले किए और पोलैंड से लगी सीमा चौकी के पास आग लग गई। रूस ने हाल के हफ्तों में अपने हवाई अभियान को तेज कर दिया है। क्षेत्रीय प्रमुख रुस्तम मिन्निखानोव के कार्यालय के अनुसार, रविवार को यूक्रेनी ड्रोन ने तातारस्तान के शहर निजनेकाम्स्क को निशाना बनाया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हुए। ओडेसा के सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेरही लिसाक के अनुसार, रूस की ओर से रात में बड़े पैमाने पर किए गए हमले में कम से कम नौ लोग घायल हो गए। यह शहर काला सागर पर स्थित यूक्रेन के मुख्य बंदरगाह केंद्र का घर है और कई महीनों से लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना कर रहा है।