ई-ग्राम स्वराज पोर्टल जल्द ठीक करने का आश्वासन
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : ग्रामीण समस्याओं और प्रशासनिक सहयोग के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय बैठक में 20 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत शिवपुरम के प्रधानवेंकटेश्वर राव और उत्तर एवं मध्य अंडमान के उपाध्यक्ष माधवन ने अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के मुख्य सचिव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम पंचायत शिवपुरम के निवासियों के दैनिक जीवन और विकास को प्रभावित करने वाले कई “गंभीर मुद्दों” को प्रमुखता से उठाया। बैठक की शुरुआत में माधवन ने रंगत क्षेत्र में बिजली की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बार-बार और बिना पूर्व सूचना के हो रही बिजली कटौती से आम जनता के साथ-साथ स्थानीय व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से विद्युत आपूर्ति को स्थिर करने और लोडशेडिंग को कम करने की मांग की। वहीं, वेंकटेश्वर राव ने चार प्रमुख बिंदुओं पर आधारित एजेंडा प्रस्तुत किया। इसमें लंबे समय से लंबित टीवी कुल्लम पुल के निर्माण को शीघ्र शुरू करने, पंचवटी इको टूरिज्म बीच पर लकड़ी के पुल का निर्माण, पंचवटी क्षेत्र में अनुपयोगी कृषि भूमि को सामुदायिक या विकासात्मक कार्यों के लिए चिन्हित करने तथा ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के गैर-कार्यशील होने का मुद्दा शामिल था। मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि प्रशासन सभी संभव समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सक्रियता दिखाते हुए उन्होंने तुरंत (ग्रामीण विकास/पंचायत) निदेशक से ई-ग्राम स्वराज पोर्टल की स्थिति के बारे में जानकारी ली। निदेशक ने बताया कि तकनीकी खामियों को दूर किया जा रहा है और पोर्टल को जल्द ही चालू कर दिया जाएगा।