नौ सेना का युद्धपोत 
देश/विदेश

लाल सागर में 14 भारतीयों की नौका पर हमले का दावा

हूती समर्थक सैन्य प्रवक्ता ने नौका पर सऊदी अरब के हमले का दावा किया

Bharat Paswan

दुबई : यमन के हूती समर्थक सैन्य प्रवक्ता ने लाल सागर में जुक़र द्वीप के पास 14 भारतीयों को ले जा रही नौका पर सऊदी अरब के हमले का दावा किया है। भारतीय दूतावास ने कहा कि वह घटना की जानकारी जुटा रहा है और भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव मदद करेगा। हूती समर्थक सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दावा किया कि सऊदी अरब ने नौका को निशाना बनाया है। उन्होंने बताया कि यमनी बल बचाव अभियान चला रहे हैं। हालांकि, हमले के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। नौका पर सवार लोगों की स्थिति स्पष्ट नहीं है और सऊदी अरब की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लाल सागर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति का अहम समुद्री मार्ग है। इससे पहले अगस्त में यमन के पास भारतीय ध्वज वाला जहाज ‘एमएसवी फैज नूर-ए-ओलिया’ प्रक्षेप्य की चपेट में आने के बाद डूब गया था। मंत्रालय के अनुसार, चालक दल के सभी 14 सदस्यों, जिनमें 13 भारतीय थे, को बचा लिया गया था। भारत ने वाणिज्यिक जहाजों पर हमले रोकने और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT