कराची की सड़काें पर गूंजा जय जगन्नथ 
देश/विदेश

पाकिस्तान में गूंजा ‘जय जगन्नाथ’: कराची की सड़कों पर निकली भव्य रथ यात्रा, वायरल वीडियो ने जीता इंटरनेट का दिल

सोशल मीडिया पर इन दिनों भगवान जगन्नाथ की एक से बढ़कर एक तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं, लेकिन इन सबके बीच पाकिस्तान के कराची से आई एक वीडियो क्लिप न सिर्फ चर्चा का विषय बन गई है बल्कि इसने इंटरनेट यूजर्स को अपनी ओर आकर्षित कर लिया है । यूं तो पुरी से लेकर लंदन तक हर जगह 'जय जगन्नाथ' से गूंज रहा है, लेकिन जब पाकिस्तान में 'जय जगन्नाथ' के जयकारे लगे, तो सोशल मीडिया भी इस वायरल वीडियो की तरफ खिंचा चला गया । वीडियो में देखा जा सकता है कि, जैसे ही कराची की सड़कों पर 'जय जगन्नाथ' और 'हरे राम हरे कृष्ण' की गूंज सुनाई दी, तो लोग हैरान रह गए। यह खूबसूरत नजारा है कराची के ऐतिहासिक स्वामी नारायण मंदिर का।

'जय जगन्नाथ' और 'हरे राम हरे कृष्ण' की धुन

कराची के 140 साल पुराने स्वामी नारायण मंदिर से जब भगवान जगन्नाथ का रथ बाहर निकला, तो मानो पूरा इलाका भक्ति में डूब गया। रथ यात्रा में शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान जगन्नाथ के इस रथ को फूलों से सजाया गया था, जिसे खींचते हुए भक्तों ने अपनी हाजिरी लगाई। इस दौरान कुछ भक्त पाकिस्तान का झंडा थामे एक साथ 'जय जगन्नाथ' और 'हरे राम हरे कृष्ण' की धुन पर नाचते-झूमते हुए रथ की रस्सी खींचते नजर आए ।

पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर ने शेयर किये हैं वीडियोज

प्रीतम देवरिया नाम के पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर ने इस रथ यात्रा के ढेरों वीडियोज शेयर किये हैं जिसमें रथ यात्रा शुरू होने से पहले मंदिर में भगवान की खास पूजा-अर्चना की गई । फिर तीनों ही भगवान की प्रतिमाओं को फूलों से सजे भव्य रथ पर विराजमान किया गया । रथ को रंग-बिरंगे फूलों और अन्य चीजों से सजाया गया। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भी ट्रेडिशनल कपड़ों में देखा जा सकता है। इस वीडियो को भारत से भी खूब प्यार मिल रहा है। इंटरनेट की जनता इस बात से भी खुश है कि पाकिस्तान में रहने वाले कुछ हिंदू अपने त्योहारों को खुशी से मना पा रहे हैं। पोस्ट का कमेंट सेक्शन भी ‘जय जगन्नाथ!’ के जयकारे से भरा हुआ है।

SCROLL FOR NEXT