देश/विदेश

रंगत पुलिस ने लगभग 1.9 किलोग्राम गांजा किया जब्त, एक महिला गिरफ्तार

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला पुलिस ने अपने निरंतर चल रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस थाना रंगत की एक विशेष टीम ने 29 जुलाई 2026 को सबरी जंक्शन में सुनियोजित अभियान चलाकर लगभग 1.9 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया तथा एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत एक महिला को गिरफ्तार किया।

पुलिस को प्राप्त विशेष सूचना के अनुसार आरोपी महिला कोलकाता से स्थानीय नशा तस्करों को गांजा की आपूर्ति करने के उद्देश्य से आई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रंगत एसआई अब्दुल शकील के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की निवासी संदिग्ध महिला को सबरी जंक्शन पर रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से संदिग्ध गांजा बरामद होने पर उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। यह अभियान एसडीपीओ रंगत श्री महेंद्र सिंह चरण के पर्यवेक्षण तथा उत्तर एवं मध्य अंडमान के पुलिस अधीक्षक श्री विकास स्वामी के समग्र मार्गदर्शन में संचालित किया गया। उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने तथा समाज को नशीले पदार्थों के खतरे से सुरक्षित रखने के अपने संकल्प को पुनः दोहराया है। पुलिस ने आम नागरिकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना निकटतम पुलिस थाना अथवा हेल्पलाइन नंबर 100 एवं 112 पर दें। सभी मुखबिरों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उपयोगी सूचना देने वालों को उचित पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT