युद्धपोत का निरीक्षण करते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 
देश/विदेश

राजनाथ सिंह ने जेएस नातोरी युद्धपोत का किया निरीक्षण

जापान की यात्रा की शुरुआत में तोक्यो स्थित रक्षा मंत्रालय में औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया

Bharat Paswan

तोक्यो : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बुधवार को जापान की उनकी यात्रा की शुरुआत में तोक्यो स्थित रक्षा मंत्रालय में औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। इसके बाद उन्होंने अपने जापानी समकक्ष शिंजिरो कोइजुमी के साथ योकोसुका स्थित नौसैनिक अड्डे पर जापान के अत्याधुनिक युद्धपोत ‘जेएस नातोरी’ का निरीक्षण किया। जापानी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ‘मोगामी’ श्रेणी का यह बहुउद्देशीय युद्धपोत स्टील्थ तकनीक से लैस है। दोनों मंत्रियों ने इसके उपकरणों और परिचालन क्षमताओं का जायजा लिया। जापान ने इसे समुद्री सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय विश्वास मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी ‘टू प्लस टू’ वार्ता के लिए दो दिवसीय दौरे पर जापान पहुंचे हैं। बैठक में रक्षा उपकरणों एवं प्रौद्योगिकी, समुद्री सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यास और रक्षा उद्योग में साझेदारी पर चर्चा होगी। जयशंकर अपने जापानी समकक्ष तोशिमित्सु मोतेगी के साथ रणनीतिक वार्ता भी करेंगे। राजनाथ सिंह ने यात्रा से पहले कहा था कि दोनों देश स्वतंत्र, खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण पर काम कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्रीय स्थिरता और रक्षा साझेदारी को और मजबूत करना है।जयशंकर भारत-जापान विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता में भी हिस्सा लेंगे।

SCROLL FOR NEXT