मुजफ्फराबाद : पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में प्रदर्शन तेज हो गया है। एलओसी से करीब सात किलोमीटर दूर मंडोल में करीब 25 हजार लोग धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के खिलाफ नारे लगाए। ज्वाइंट आवामी लीग (जेएएल) ने पाकिस्तानी सरकार से पूंछ और मेंढर की ओर जाने वाला मार्ग खोलने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों के एक वर्ग ने भारत के साथ जुड़ने की मांग भी की है। प्रदर्शन के कारण पीओके में आपूर्ति प्रभावित होने की खबर है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि कई इलाकों में आटा और जरूरी खाद्य सामग्री की कमी हो गई है। जेएएल के आह्वान पर मुजफ्फराबाद समेत अन्य इलाकों से लोग एलओसी के पास जुट रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकारी दबाव के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा। जेएएल नेताओं ने इसे आंदोलन का निर्णायक चरण बताया है। प्रदर्शनकारियों के भारत में शामिल होने की मांग और आपूर्ति बाधित होने के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।