वेलिंगटन : न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने वाला विधेयक संसद में पेश किया है। लक्सन ने कहा कि सोशल मीडिया युवाओं की एक पूरी पीढ़ी को नुकसान पहुंचा रहा है। हालांकि, विधेयक को कानून बनाने के लिए फिलहाल पर्याप्त समर्थन नहीं है। लक्सन की गठबंधन सरकार में शामिल तीन दलों में से दो ने प्रस्ताव के खिलाफ मतदान करने की बात कही है। ऐसे में सरकार को इसे पारित कराने के लिए विपक्षी सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। विपक्ष ने अभी अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। प्रस्ताव के अनुसार, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, स्नैपचैट और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया मंचों को यह सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने होंगे कि उनके उपयोगकर्ता 16 वर्ष से अधिक उम्र के हों। इसके लिए मौजूदा खातों की जानकारी, चेहरे से उम्र का अनुमान लगाने वाली तकनीक, डिजिटल पहचान सेवाओं और आधिकारिक पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया जा सकता है। प्रस्तावित कानून में व्हाट्सऐप जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म, रोब्लॉक्स जैसे ऑनलाइन गेमिंग मंच और चैटजीपीटी, जेमिनी व कोपायलट जैसे एआई ऐप को प्रतिबंध के दायरे से बाहर रखा गया है। बच्चों या अभिभावकों पर कोई जुर्माना नहीं होगा, लेकिन नियमों का पालन नहीं करने वाली प्रौद्योगिकी कंपनियों पर उनके वैश्विक राजस्व के 10 प्रतिशत तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।