सियोल : दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने बैंकों, वित्तीय कंपनियों और सरकारी एजेंसियों में व्यक्तिगत डेटा लीक होने की हालिया घटनाओं की गहन जांच और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति कार्यालय ने रविवार को इसकी जानकारी दी। इस बीच, वित्तीय सेवा आयोग (एफएससी) के अध्यक्ष ली ओक-वोन ने रविवार को वित्तीय क्षेत्र के संगठनों, नियामकों और प्रभावित संस्थानों के अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। ली ओक-वोन ने कहा कि साइबर हमलों में एआई के इस्तेमाल की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने एआई आधारित हमलों से निपटने के लिए एआई तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। हाना बैंक और वूरी बैंक भी साइबर हमलों का शिकार हुए हैं। इस बीच, देश की मुख्य विपक्षी पार्टी पीपुल पावर पार्टी ने साइबर हमलों में उत्तर कोरिया की संभावित भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। पार्टी ने अतीत में दक्षिण कोरिया के वित्तीय संस्थानों पर हुए उन साइबर हमलों का हवाला दिया, जिनके पीछे प्योंगयांग का हाथ होने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, हालिया घटनाओं में उत्तर कोरिया की संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।