लंदन : प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल बुधवार को ब्रिटेन पहुंचे। ब्रिटिश मीडिया की खबरों में दावा किया गया है कि हैरी अपने बच्चों आर्ची और लिलिबेट के अगले महीने शुरू होने वाले नए स्कूल सत्र के लिए ब्रिटेन लौटे हैं। हैरी और मेगन के कैलिफोर्निया से निजी विमान से बर्मिंघम हवाईअड्डे पहुंचने की खबर है। माना जा रहा है कि परिवार लंदन के बाहर सुरम्य कॉट्सवोल्ड्स इलाके में स्थित एक निजी संपत्ति में रहेगा ड्यूक और डचेस ऑफ ससेक्स के प्रवक्ता ने कहा कि यह ऐसी बात नहीं है जिस पर हम टिप्पणी करें। दंपति की योजना एक ‘‘अंतरराष्ट्रीय’’ परिवार के रूप में रहने की है और वे अमेरिका तथा पुर्तगाल में अपने घर बरकरार रखेंगे। सात वर्षीय प्रिंस आर्ची और पांच वर्षीय प्रिंसेस लिलिबेट सितंबर में शुरू होने वाले शरद ऋतु सत्र से एक ब्रिटिश स्कूल में पढ़ाई करेंगे।