देश/विदेश

बाराटांग में गहराया बिजली संकट, सोमवार तक आपूर्ति बहाल नहीं होने पर मंगलवार से आंदोलन की चेतावनी

500 केवीए किराये के जनरेटर को बताया संकट की मुख्य वजह

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला परिषद के अध्यक्ष आर. अलागर स्वामी ने बाराटांग में लगातार जारी बिजली संकट पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र के लोगों को अत्यंत अनियमित विद्युत आपूर्ति का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक स्थिति सामान्य नहीं हुई तो मंगलवार को वह आम जनता के साथ संबंधित कार्यालय का घेराव करते हुए आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। सन्मार्ग से बातचीत के दौरान अलागर स्वामी ने कहा कि किराये पर लिए गए 500 केवीए क्षमता वाले जनरेटर की स्थापना के बाद बाराटांग की बिजली व्यवस्था में काफी गिरावट आई है। उनका कहना है कि यह जनरेटर क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त क्षमता का नहीं है तथा इसमें बार-बार तकनीकी खराबियां आ रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले 1250 केवीए तथा 750 केवीए क्षमता वाले बड़े जनरेटरों के माध्यम से बाराटांग से फूलतला तक नियमित बिजली आपूर्ति की जाती थी। लेकिन 500 केवीए क्षमता वाले किराये के जनरेटर लगाए जाने के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह अविश्वसनीय हो गई है और अधिकांश समय लोगों को कदमतला से मिलने वाली बिजली पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रंगत क्षेत्र की ओर से मिलने वाली बिजली आपूर्ति भी हाल के दिनों में बिजली के खंभे बदले जाने के कार्य के कारण प्रभावित हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र का संकट और अधिक गंभीर हो गया है।

अलागर स्वामी ने कहा कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों, बैंकों, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), फोटोकॉपी की दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने के कारण आम नागरिकों की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में उप प्रमुख विजय मंडल के नेतृत्व में लगभग 25 से 30 पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय निवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रंगत के सहायक आयुक्त से मुलाकात कर बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने स्वयं भी संबंधित अधिकारियों से इस मामले को उठाया है तथा जल्द से जल्द सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाराटांग के लोग नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इसलिए उन्हें निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने विद्युत विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि यदि सोमवार तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो मंगलवार को स्थानीय लोगों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता को अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों से काफी उम्मीदें हैं और वह तब तक इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे जब तक बाराटांग के लिए बिजली संकट का स्थायी समाधान नहीं निकल जाता।

SCROLL FOR NEXT