ढाका : बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा का दौर तेज हो गया है। नरैल जिले के एक गांव में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं की संपत्तियों को निशाना बनाकर करीब 30 घरों में आग लगा दी गई। कई मकानों और दुकानों में तोड़फोड़ व लूटपाट भी की गई। हिंसा के मद्देनजर सुरक्षा बलों ने कई जिलों में तैनाती बढ़ा दी है।
बीएनपी समर्थकों पर हमले का आरोप
नरैल जिले के कालिया उपजिला के बेंदरचार गांव में शुक्रवार दोपहर से आधी रात तक हमले हुए। निशाना बनाई गई संपत्तियों में अवामी लीग के पूर्व सांसद बी. एम. कबीरुल हक मुक्ती, पूर्व महापौर मुशफिकुर रहमान लिटन और पार्टी के स्थानीय महासचिव कृष्णपद घोष के आवास शामिल हैं। दमकलकर्मियों ने 20 से 30 घरों में आग लगने की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने बीएनपी समर्थकों पर करीब 50 घरों और दुकानों में हमले का आरोप लगाया है। हालांकि, बीएनपी नेताओं ने इन आरोपों को खारिज किया है। पुलिस के अनुसार, पिछले सप्ताह मारे गए बीएनपी के दो नेताओं के रिश्तेदारों और समर्थकों ने कथित हत्यारोपियों के घरों पर हमला किया। प्रशासन ने कई मकानों में तोड़फोड़ और पांच-छह घरों में आगजनी की पुष्टि की है।
कई जिलों में झड़प, सुरक्षा बढ़ाई
पातुआखाली में अवामी लीग के तीन पूर्व सांसदों के घरों पर हमला हुआ, जबकि पाबना में बीएनपी और अवामी लीग समर्थकों के बीच झड़पें हुईं। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस और रबर की गोलियां चलानी पड़ीं। बीजीबी ने ढाका समेत सात जिलों में 95 प्लाटून तैनात की हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी और प्रत्यर्पण का मुद्दा भी तनाव बढ़ा रहा है। अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद से हसीना भारत में रह रही हैं। हाल में बांग्लादेश सरकार ने उनके नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के अनुरोध को खारिज कर दिया था। इसके विरोध में अवामी लीग ने प्रदर्शन का ऐलान किया था।