देश/विदेश

पीएम मोदी 4 फरवरी को देंगे धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब

संसद के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए लोकसभा में कुल 18 घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

अंजलि भाटिया

नई दिल्ली : संसद के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए लोकसभा में कुल 18 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। यह चर्चा 2, 3 और 4 फरवरी को होगी। यह निर्णय गुरुवार को लोकसभा की व्यापार सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 फरवरी को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे। सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर आम चर्चा 5, 9, 10 और 11 फरवरी को कराई जाएगी। बजट पर चर्चा के लिए भी कुल 18 घंटे का समय तय किया गया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के 11 फरवरी को बजट पर जवाब देने की संभावना है।

इससे पहले मंगलवार को हुई सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों ने मनरेगा की बहाली, मतदाता सूची से जुड़ी चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया और यूजीसी से संबंधित विवाद जैसे मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग उठाई थी।

बजट सत्र के दौरान कुल 65 दिनों में संसद की 30 बैठकें होंगी। सत्र का समापन 2 अप्रैल को होगा। दोनों सदन 13 फरवरी को अवकाश के लिए स्थगित होंगे और 9 मार्च को दोबारा बैठक करेंगे। इस अवधि में संसदीय स्थायी समितियां विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की अनुदान मांगों की जांच करेंगी।

SCROLL FOR NEXT