नयी दिल्ली : इंडिया गठबंधन ने शुक्रवार को होने वाले प्रस्तावित ‘मॉक संसद’ कार्यक्रम का एजेंडा बदल दिया है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, संसद की अवमानना से बचने के लिए अब आयोजन को ‘जन महाभियोग’ नाम दिया गया है। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाया जाएगा।कार्यक्रम दोपहर 3 बजे शुरू होकर शाम साढ़े सात बजे तक चलेगा। करीब साढ़े चार घंटे के इस आयोजन में 19 दलों के नेता अपनी बात रखेंगे। कुल 30 वक्ताओं के शामिल होने की योजना है। अधिकांश नेताओं को पांच-पांच मिनट दिए जाएंगे, जबकि समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को 10-10 मिनट का समय मिलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे, जबकि समापन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संबोधन से होगा। आयोजन के संचालन की जिम्मेदारी पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को सौंपी गई है। उनकी सहायता के लिए समाजवादी पार्टी के एक सांसद को भी जिम्मेदारी दी जाएगी, हालांकि अभी उनके नाम की घोषणा नहीं हुई है। इस संबंध में इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई, जिसमें मीरा कुमार, प्रियंका गांधी, जयराम रमेश, नासिर हुसैन, मणिकम टैगोर और पवन खेड़ा सहित कई नेता शामिल हुए। तृणमूल कांग्रेस से डेरेक ओ’ब्रायन, झारखंड मुक्ति मोर्चा से महुआ माजी और समाजवादी पार्टी से हरेंद्र मलिक भी बैठक में मौजूद रहे। पहले कार्यक्रम को संसद की कार्यवाही की तर्ज पर आयोजित करने की योजना थी, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस होनी थी। हालांकि, अब उस प्रारूप को बदलकर जन महाभियोग का रूप दिया गया है।