इस्लामाबाद : सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के शीर्ष रक्षा अधिकारियों ने यमन के हूती विद्रोहियों के हालिया हमलों के मद्देनजर ‘मक्का रक्षा गठबंधन’ के तहत सऊदी अरब की सुरक्षा में सहयोग करने का संकल्प लिया है। तीनों देशों के रक्षा बलों के प्रमुखों और ‘चीफ्स ऑफ जनरल स्टाफ’ की बैठक शुक्रवार को रियाद में हुई। बैठक में तीनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच सहयोग को और बढ़ाने तथा खुफिया जानकारी साझा करने, सैन्य समन्वय और क्षमताओं के एकीकरण को मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। पाकिस्तान की सेना ने शनिवार को यह जानकारी दी। सेना के एक बयान के अनुसार, बैठक में सऊदी अरब की सुरक्षा स्थिति और उसके सामने मौजूद खतरों की समीक्षा की गई। बयान में कहा गया कि प्रतिभागियों ने सामूहिक रक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने के तीनों देशों के संकल्प को दिखाया। प्रतिभागियों ने पवित्र शहर मक्का तथा असैन्य और आर्थिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हमलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने सऊदी अरब के सशस्त्र बलों की सतर्कता और पेशेवर रवैये की सराहना की।