चलती ट्रेन को कार ने फाटक के पास आकर मारी टक्कर चित्र इंटरनेट से साभार
देश/विदेश

पाकिस्तान के क्वेटा में आर्मी ट्रेन में बम धमाका,24 मरे

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के क्वेटा में एक आर्मी ट्रेन को निशाना बनाकर भयानक बम धमाका किया गया है जिसमें कम से कम 24 जवानों और आम नागरिकों की मौत हो गई है। पाकिस्तान के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को पाकिस्तान के अशांत दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में सेना के जवानों को ले जा रही एक ट्रेन में धमाका होने से कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई। यह हमला प्रांतीय राजधानी क्वेटा में हुआ जिसमें अभी तक 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी है। अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में सेना के जवान भी शामिल हैं। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने एक बयान भी जारी किया जिसमें उन्होंने इस बड़े आत्मघाती हमले की आधिकारिक जिम्मेदारी ले ली है। 

घटनास्थल से मिली तस्वीरों में ट्रेन का एक डिब्बा पूरी तरह से टूट-फूटकर एक तरफ गिरा हुआ दिखाई दे रहा है जबकि लोग मलबे पर चढ़कर ज़िंदा बचे लोगों की तलाश कर रहे थे। कुछ लोग खून से लथपथ घायलों को स्ट्रेचर पर लादकर पटरी से उतरे डिब्बों से दूर ले जाते दिख रहे हैं जबकि हथियारबंद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया था।

पाकिस्तान के क्वेटा में भयानक बम धमाका

अधिकारी ने बताया कि यह ट्रेन सेना के जवानों और उनके परिवार वालों को क्वेटा से देश के उत्तर-पश्चिमी शहर पेशावर ले जा रही थी। अधिकारी ने बताया कि यह हमला रविवार सुबह करीब 8:00 बजे उस वक्त हुआ जब यह ट्रेन क्वेटा में चमन फाटक के पास एक सिग्नल से गुजर रही थी तभी बारूद से भरी एक कार ने ट्रेन के एक डिब्बे में टक्कर मार दी जिससे जोरदार धमाका हो गया।" इस धमाके से ट्रेन की खिड़कियों के शीशे टूट गए और आस-पास खड़ी गाड़ियां भी तबाह हो गईं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ये जवान ईद की छुट्टियां मनाने के लिए सफर कर रहे थे। ईद का त्योहार मंगलवार से शुरू होने वाला है।

ट्रेन के दो डिब्बे पूरी तरह से तबाह

धमाके कितना खतरनाक था इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रेन के दो डिब्बे पलट गए और उनमें आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया फुटेज के अनुसार यह धमाका उस इलाके में हुआ जहां आमतौर पर सुरक्षा बल तैनात रहते हैं। इस धमाके से आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा और वहां खड़ी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय अस्पतालों के डॉक्टरों ने बताया कि 50 से ज्यादा घायल लोगों को इलाज के लिए लाया गया है जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल पर लोगों को निकालने और आपातकालीन कार्यों में मदद के लिए बचाव वाहन और एक राहत ट्रेन तुरंत रवाना की गई।

SCROLL FOR NEXT