सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पहाड़गांव पुलिस स्टेशन ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 194 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की है। 19 अप्रैल को अट्टमपहाड़ क्षेत्र के पास एक व्यक्ति द्वारा मेथामफेटामाइन की अवैध तस्करी किए जाने की विश्वसनीय सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम में निरीक्षक साहिल शम्सुद्दीन (एसएचओ, पहाड़गांव), उप निरीक्षक मनीष नारायण, हेड कांस्टेबल संतोष लाल, के. जयराज तथा पुलिस कांस्टेबल शम्सुद्दीन शामिल थे। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मंजेरी नंबर-1 निवासी 62 वर्षीय राम कृष्ण दास को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से 194 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही जब्त कर लिया गया और सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह पूरा अभियान निरीक्षक साहिल शम्सुद्दीन के नेतृत्व में तथा एसडीपीओ साउथ अंडमान दीपेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अपराध या अवैध गतिविधि से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें उचित इनाम भी दिया जाएगा। इसके लिए 112 (ईआरएसएस), 03192-232100 (पुलिस कंट्रोल रूम) और 03192-236641 (एसपी कार्यालय) नंबर जारी किए गए हैं।