ग्रेटर नोएडा - जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा 26 पर्यटकों की बेरहम हत्या के बाद देशभर में गुस्से की लहर थम नहीं रही है। लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, कैंडल मार्च निकाल रहे हैं और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग इस जघन्य घटना पर आक्रोश जता रहे हैं और सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
पाकिस्तान नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश
पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत सरकार ने बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए सार्क वीजा छूट योजना के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को दी जा रही सुविधाएं खत्म कर दी हैं। इस फैसले के तहत अब पाकिस्तानी नागरिक इस योजना के तहत भारत की यात्रा नहीं कर पाएंगे।
कैसे भारत आई थी सीमा हैदर ?
साथ ही, जो पाकिस्तानी नागरिक पहले से इस सुविधा के तहत भारत में हैं, उन्हें 48 घंटे के अंदर देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। इस फैसले के बाद एक बार फिर सीमा हैदर चर्चा में आ गई हैं। सीमा हैदर, जो मई 2023 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आई थीं, को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें पाकिस्तान वापस भेजने की मांग उठने लगी है। मीडिया ने इस मुद्दे पर उनका पक्ष जानने की कोशिश की, लेकिन सीमा ने इस पर कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया।
18 मार्च को दिया था बेटी को जन्म
सीमा हैदर, जो चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आई थीं, ने 18 मार्च को एक बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम मीरा रखा गया है। उन्होंने रबूपुरा निवासी सचिन मीणा से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया था। मीरा, सीमा की पांचवीं संतान है, जबकि यह सीमा और सचिन की पहली संतान है।
नागरिकता पर उठ रहे सवाल
कश्मीर के पहलगाम हमले के बाद सीमा हैदर की नागरिकता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुछ लोगों का कहना है कि सरकार के हालिया आदेशों के तहत सीमा हैदर को 24 घंटे के भीतर भारत छोड़कर पाकिस्तान लौटना पड़ेगा, जबकि अन्य लोगों का मानना है कि इस घटनाक्रम का सीमा से कोई लेना-देना नहीं है और वह भारत में ही रह सकती हैं।
सीमा हैदर के पाक जाने की चर्चा पर क्या बोली पुलिस ?
सीमा हैदर के मामले में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल वे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने को कहा गया है जो वैध तरीके से भारत आए थे। लेकिन सीमा हैदर अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं और उन पर पहले से ही मामला दर्ज है। इसलिए जब तक कानूनी कार्यवाही पूरी नहीं होती, वह भारत में ही रहेंगी। यह नियम उन पर लागू नहीं होता। इस संबंध में जानकारी रबूपुरा के उप निरीक्षक हरेंद्र मलिक ने दी है।
सीमा के वकील ने क्या कहा ?
सीमा हैदर को पाकिस्तान वापस भेजे जाने की अटकलों पर उनके वकील एपी सिंह ने कहा कि सीमा अदालत के सभी आदेशों का पालन कर रही हैं और आगे भी ऐसा ही करेंगी। उन्होंने बताया कि सीमा इस आतंकी हमले से बेहद आहत हैं। वह अपने बच्चों के साथ शरण की आधार पर भारत में रह रही हैं। पहले भी वह मुश्किल हालातों से गुजरी हैं और अब भी पाकिस्तान से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।