देश/विदेश

नेताजी की 129वीं जयंती पर अंडमान में ‘पराक्रम दिवस–2026’, ड्रोन शो से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर संस्कृति मंत्रालय 23 से 25 जनवरी 2026 तक ‘पराक्रम दिवस–2026’ का आयोजन करेगा।

अंजलि भाटिया

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर संस्कृति मंत्रालय 23 से 25 जनवरी 2026 तक ‘पराक्रम दिवस–2026’ का आयोजन करेगा। मुख्य कार्यक्रम विजयपुरम, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में होगा। इसके साथ ही नेताजी के जीवन और विरासत से जुड़े देश के 13 अन्य प्रमुख स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य आजादी की लड़ाई में नेताजी के योगदान और उनके साहस, बलिदान व देशभक्ति को सम्मान देना है।

मुख्य समारोह 23 जनवरी को नेताजी स्टेडियम, श्री विजयपुरम में होगा। अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल एडमिरल डी.के. जोशी (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि होंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री का संदेश भी प्रसारित किया जाएगा। पराक्रम दिवस के तहत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें आकर्षक ड्रोन शो के साथ उस्ताद अमजद अली खान, पापोन, अमान अली बांगश, अयान अली बांगश, मंगली, रघु दीक्षित, प्रतिभा सिंह बघेल और सौरेन्द्रो–सौम्योजीत जैसे नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अंडमान-निकोबार के स्कूली बच्चे भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

आईटीएफ ग्राउंड में नेताजी के जीवन और संघर्ष पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जिनमें दुर्लभ तस्वीरें और ऐतिहासिक घटनाएं प्रदर्शित होंगी। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों की लोक कलाओं की झलक भी देखने को मिलेगी। द्वीपों के पारंपरिक व्यंजन और जनजातीय कलाकारों द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प भी आकर्षण का केंद्र होंगे। 24 जनवरी को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की नाट्य प्रस्तुति के जरिए नेताजी को नाटकीय श्रद्धांजलि दी जाएगी

SCROLL FOR NEXT