सियोल : नॉर्थ कोरिया ने शनिवार को अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वे सैन्य गठजोड़ को मजबूत कर रहे हैं और हथियारों की होड़ को तेज कर वैश्विक तनाव बढ़ा रहे हैं। यह प्रतिक्रिया तुर्किये में आयोजित हालिया नाटो शिखर सम्मेलन के बाद सामने आई है।उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि नाटो नेताओं ने उत्तर कोरिया के वैध संप्रभु अधिकारों के तहत किए जाने वाले सैन्य अभ्यासों को खतरे के रूप में पेश किया है। मंत्रालय का आरोप है कि नाटो एशिया-प्रशांत क्षेत्र के सहयोगी देशों के साथ सैन्य सहयोग बढ़ाकर गुटीय टकराव को और बढ़ावा दे रहा है। बयान में कहा गया कि नाटो अब शांति और सुरक्षा के बजाय युद्ध और टकराव की नीति पर आगे बढ़ रहा है तथा यूरोप और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अपने भू-राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दे रहा है। उल्लेखनीय है कि तुर्किये में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों ने 50 अरब डॉलर से अधिक के रक्षा खरीद और सैन्य औद्योगिक समझौतों की घोषणा की थी।