सियोल : दक्षिण कोरियाई सेना ने शनिवार को दावा किया कि उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर एक प्रक्षेपास्त्र दागा। सीमा पर बारूदी सुरंग में विस्फोट के कारण दक्षिण कोरिया के तीन सैनिकों के घायल होने के बाद दोनों पक्षों में बढ़े तनाव के बीच उत्तर कोरिया का यह नवीनतम हथियार परीक्षण है। दक्षिण कोरिया के ‘जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने कहा कि यह प्रक्षेपास्त्र पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर दागा गया। हालांकि, उसने तत्काल यह नहीं बताया कि यह कितनी दूर तक गया या यह बैलिस्टिक मिसाइल थी या कोई अन्य हथियार। यह परीक्षण उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग उन की बहन द्वारा दक्षिण कोरिया की उन मांगों को हास्यास्पद बताने के एक दिन बाद हुआ, जिनमें सीमा पर हुए बारूदी सुरंग विस्फोट के लिए उत्तर कोरिया से माफी मांगने को कहा गया था।