सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम - विश्वसनीय सूचना के आधार पर निकोबार जिला पुलिस ने 8 सितंबर 2026 को मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कैंपबेल बे में एक महत्वपूर्ण छापेमारी की। कैंपबेल बे थाने के थाना प्रभारी निरीक्षक मिथुन कीर्तनिया के नेतृत्व में पुलिस दल ने यह कार्रवाई की। यह अभियान कैंपबेल बे के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी सैमुअल फ्रेड, डेनिप्स के निर्देशन में चलाया गया।
तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध के आवासीय परिसर में रखे एक गमले में गांजे का एक संदिग्ध पौधा लगा हुआ पाया गया। पुलिस ने पौधे को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी जोगिंदर नगर, कैंपबेल बे निवासी मनोज कुमार के खिलाफ वर्ष 1985 के स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 20(क)(i) के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने आवासीय परिसर में गांजे का पौधा उगाने की बात स्वीकार की। बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ का स्रोत क्या है और क्या इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति अथवा संबंधित नेटवर्क भी सक्रिय है।
यह कार्रवाई निकोबार जिला पुलिस अधीक्षक राहुल एल. नायर के करीबी निगरानी में की गई। पुलिस ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों पर आगे भी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
निकोबार जिला पुलिस ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि समुद्र तट के किनारे कोई भी संदिग्ध वस्तु मिलने पर उसे तत्काल पुलिस के हवाले करें। इसके अलावा समुद्र से बरामद होने वाले किसी भी मादक पदार्थ अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तु को निकोबार जिले के किसी भी पुलिस थाने में स्वेच्छा से जमा करने का आग्रह किया गया है। पुलिस के अनुसार, स्वेच्छा से ऐसी प्रतिबंधित वस्तु जमा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
पुलिस ने आम जनता से किसी भी अपराध अथवा अन्य अवैध गतिविधि से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस के साथ साझा करने की अपील की है।