देश/विदेश

Airbus A320 के तकनीकी समस्या का प्रभाव दुनिया की कई उड़ानों पर पड़ा

जापान में 65 घरेलू उड़ानें रद्द, अमेरिकन एयरलाइंस के 209 विमानों में अपडेट की जरुरत

नई दिल्ली: दुनिया भर की विमानन कंपनियों ने शनिवार को व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक विमान A320 के सॉफ्टवेयर को अपडेट किया, जिसके चलते कई उड़ानों में देरी हुई और कई को रद्द करना पड़ा। जांच में पता चला कि पिछले महीने जेटब्लू के एक विमान के ऊंचाई से अचानक नीचे आने में कंप्यूटर कोड की गड़बड़ी शामिल हो सकती है।

AIRBUS ने जानकारी दी

एयरबस ने शुक्रवार को बताया कि जेटब्लू की उस घटना की जांच से पता चला कि सूरज की तेज किरणें (सोलर रेडिएशन) A320 बेड़े के विमानों के उड़ान नियंत्रण को खराब कर सकती हैं। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने यूरोपीय संघ विमानन सुरक्षा एजेंसी (ईएएसए) के साथ मिलकर विमानन कपंनियों को नया सॉफ्टवेयर अपडेट करने का निर्देश दिया है। इससे अमेरिका में पंजीकृत 500 से अधिक विमान प्रभावित होंगे। यूरोप की सुरक्षा एजेंसी ने कहा कि इससे उड़ानों में कुछ समय के लिए दिक्कत आ सकती है। यह समस्या विमान के कंप्यूटर में पहले किए गए एक सॉफ्टवेयर अपडेट की वजह से आई थी।

जापान में 65 घरेलू उड़ानें रद्द

जापान में 30 से अधिक ऐसे विमानों का परिचालन करने वाली ऑल निप्पॉन एयरवेज (एएनए) ने शनिवार के लिए 65 घरेलू उड़ानें रद्द कर दीं। रविवार को भी कुछ उड़ानें रद्द हो सकती हैं। ये बदलाव ऐसे समय में हो रहे हैं, जब अमेरिका में 'थैंक्सगिविंग' छुट्टियों के बाद लोग घर लौट रहे हैं। यह अमेरिका का सबसे व्यस्त हवाई यात्रा का समय होता है। अमेरिकन एयरलाइंस के पास ए320 बेड़े के करीब 480 विमान हैं, जिनमें से 209 को अपडेट की जरूरत है।

यात्रियों को हुई परेशानी

कंपनी ने कहा कि ज्यादातर विमानों का काम दो घंटे में हो जाएगा। एयरलाइन ने कहा कि यात्री कुछ देरी की उम्मीद कर सकते हैं, लेकिन वह रद्दीकरण को कम से कम रखने की कोशिश कर रही है। उसने कहा कि सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि उसके इंजीनियर काम कर रहे हैं और जिन विमानों को जरूरत थी उनमें से 40 प्रतिशत से ज्यादा पर अपडेट पूरा हो चुका है। कोई उड़ान रद्द नहीं हुई है।

SCROLL FOR NEXT