दुबई : सऊदी अरब में हवाई हमलों के खतरे और उड़ानों में व्यवधान के बीच भारत ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमले की स्थिति में घरों के भीतर रहने को कहा गया है। उमरा के लिए जाने वाले यात्रियों को भी यात्रा में देरी और उड़ानें रद्द होने की आशंका के प्रति सतर्क किया गया है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, 10 अक्टूबर को हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल दो भारतीय अब भी आईसीयू में हैं, जबकि एक अन्य हाई डिपेंडेंसी यूनिट और तीन सामान्य वार्ड में भर्ती हैं। रियाद हवाई अड्डा बंद है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद, दम्माम और जेद्दा की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। अकासा एयर ने रियाद की उड़ानें 24 अक्टूबर और जेद्दा की 21 अक्टूबर तक, जबकि इंडिगो ने चार शहरों की उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द की हैं। जरूरतमंद भारतीय नागरिकों की मदद के लिए जेद्दा और मक्का में नियंत्रण कक्ष सक्रिय हैं।