तेल अवीव : इजराइल में नई सरकार के गठन की कोशिशों के बीच कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू यशार पार्टी के नेता गादी आइजेनकोट को सत्ता साझेदारी का प्रस्ताव दे सकते हैं। इसके तहत नेतन्याहू रोटेशन व्यवस्था में दूसरे प्रधानमंत्री की भूमिका निभाने को तैयार हो सकते हैं। हालांकि, इस पेशकश पर उनकी पार्टी में भी मतभेद हैं।
रोटेशन प्रस्ताव पर बंटी राय
एक रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू सार्वजनिक रूप से इस प्रस्ताव की इच्छा जता सकते हैं। वहीं एक समाचार चैनल के मुताबिक, प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों में इसे लेकर एकमत नहीं है। आइजेनकोट को सरकार बनाने के लिए छह दिसंबर तक का समय मिला है। वह राष्ट्रपति से 14 दिन का अतिरिक्त समय भी मांग सकते हैं। यिसरायल बेतेनु के प्रमुख एविग्दोर लिबरमैन ने नेतन्याहू की पेशकश पर संदेह जताया है। एक्स पर उन्होंने आशंका जतायी कि यह वैकल्पिक सरकार के गठन में देरी कराकर नए चुनाव कराने की रणनीति हो सकती है।
लिकुड पर बातचीत टालने का आरोप
आइजेनकोट ने राजनीतिक बदलाव के लिए सरकार बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई और लिकुड पर एकता सरकार के लिए गंभीर बातचीत नहीं करने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, दो सप्ताह में दोनों पक्षों के बीच केवल पांच बैठकें हुईं। उन्होंने न्यायिक सुधार और सात अक्टूबर के हमलों की जांच के लिए राज्य आयोग बनाने जैसे मुद्दों पर समझौते की इच्छा जतायी, लेकिन आरोप लगाया कि लिकुड ने ध्यान नहीं दिया।