यरुशलम : इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अमेरिका की इस बार की बेहद संक्षिप्त यात्रा और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात न होना दोनों देशों के रिश्तों में जारी तनाव को दर्शाता है। नेतन्याहू न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने के बाद आठ घंटे से भी कम समय में इजरायल लौटेंगे। नेतन्याहू कार्यालय के अनुसार, वह नौ देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इनमें अर्जेंटीना, बोलीविया, पराग्वे, पनामा, इथियोपिया, ग्रीस, स्लोवेनिया और पापुआ न्यू गिनी के नेता तथा कोलंबिया के उपराष्ट्रपति शामिल हैं। हालांकि, उनके कार्यालय के बयान में किसी अमेरिकी अधिकारी से मुलाकात का उल्लेख नहीं है। ट्रंप और नेतन्याहू के रिश्तों में हाल के महीनों में मतभेद उभरे हैं। गाजा युद्ध और वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों के विस्तार को लेकर इजरायल को अपने पारंपरिक पश्चिमी सहयोगियों से भी बढ़ते राजनयिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा ने हाल में वेस्ट बैंक की इजरायली बस्तियों को लेकर प्रतिबंधों की घोषणा की थी।