काठमांडू : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर 22 नवंबर को नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस वर्ष 27 मार्च को पदभार संभालने के बाद शाह की यह पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। हालांकि, वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे। विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने मंत्रालय में पत्रकारों को बताया कि 36 वर्षीय शाह 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इसमें वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ भारत जायेंगे। यात्रा के दौरान शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी शाह से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे।