शुक्रवार, 4 सितंबर, 2026 को नेपाल के नुवाकोट ज़िले के देवीघाट में त्रिशूली नदी के किनारे एक क्षतिग्रस्त दुकान के अंदर कीचड़ से सने पीने के गिलास बिखरे पड़े हैं। अगस्त के आखिर में ज़्यादा ऊंचाई वाले ग्लेशियर के ढहने के बाद इस इलाके में ज़बरदस्त अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ था। 
देश/विदेश

बाढ़ के बाद नेपाल के रसुवा, नुवाकोट में 600 बच्चे लापता, मृतक संख्या बढ़कर 1,282 हुई

काठमांडू : नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद रसुवा और नुवाकोट जिलों में लगभग 600 बच्चों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इसी के साथ इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 1,282 हो गई जबकि 4,700 से अधिक लोग लापता हैं। नेपाल-तिब्बत सीमा के निकट 26 अगस्त को बर्फ और चट्टानों के हिमस्खलन के कारण आई इस बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई।

लापता 4,798 लोगों की तलाश जारी

नेपाल पुलिस के अनुसार, अब तक चितवन में 359, नवलपरासी पूर्व में 218, नवलपरासी पश्चिम में 208, नुवाकोट में 185, गोरखा में 72, धादिंग में 60, रसुवा में 140 और तनहुं में 38 शव बरामद किए गए हैं। वहीं, काठमांडू के दो अस्पतालों में इलाज के दौरान दो लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,282 हो गई है। सुरक्षा बलों की संयुक्त कमान विभिन्न इलाकों से लापता 4,798 लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

आंकड़े उपलब्ध कराने में कठिनाई

समाचार पत्र ‘काठमांडू पोस्ट’ की खबर में स्थानीय शिक्षा विकास एवं समन्वय इकाइयों (ईडीसीयू), स्थानीय सरकारों और शैक्षणिक संस्थानों द्वारा जुटाए गए आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि मध्य नेपाल के रसुवा में लगभग 280 बच्चे लापता हैं, जबकि पड़ोसी नुवाकोट में 300 से 350 अन्य बच्चों का अब तक पता नहीं चल पाया है। नुवाकोट शिक्षा विकास एवं समन्वय इकाई के प्रमुख सूर्य बहादुर खत्री ने कहा कि वे लापता छात्रों के सत्यापित आंकड़े जुटाने के लिए प्रधानाध्यापकों के साथ लगातार संपर्क में हैं, हालांकि संचार व्यवस्था बाधित होने के कारण स्कूल प्रमुखों को सही आंकड़े उपलब्ध कराने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा, “हालांकि कुछ लापता छात्रों का पता लगा लिया गया है, लेकिन विभिन्न स्कूलों से अब भी बच्चों के लापता होने की सूचनाएं मिल रही हैं। हमारा अनुमान है कि जिले में कम से कम 300 छात्र लापता हैं।” रसुवा में स्थानीय शिक्षा इकाई के प्रमुख दुर्गा प्रसाद सिलवाल ने कहा कि आधिकारिक सत्यापन जारी है, लेकिन प्रारंभिक रिकॉर्ड के अनुसार जिले में 280 छात्र फिलहाल लापता हैं।

16 शिक्षक लापता

‘काठमांडू पोस्ट’ की खबर के अनुसार, रसुवा में 16 शिक्षक लापता हैं। वहीं, नुवाकोट में छह शिक्षकों के लापता होने की पुष्टि हुई है। हालांकि निचले इलाकों के जिलों में कई पीड़ितों के शव बरामद किए गए हैं लेकिन अधिकारियों ने अभी तक लापता छात्रों या शिक्षकों में से कितनों की पहचान हुई है, इसकी सटीक संख्या की पुष्टि नहीं की है। शिक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बाढ़ से रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में 22 स्कूल प्रभावित हुए, जिनमें से 12 पूरी तरह नष्ट हो गये।

SCROLL FOR NEXT