प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: चुनावी माहौल में राज्य सरकारी कर्मचारियों के लिए ‘एड हॉक’ बोनस की सौगात। नवान्न सूत्रों से मिली जानकारी से राज्य सरकारी कर्मचारियों के 'एड हॉक' बोनस और फेस्टिवल एडवांस में बढ़ोतरी की गई है। शुक्रवार को वित्त विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। दुर्गापूजा और ईद से पहले यह बोनस और अग्रिम राशि दी जाएगी।
अधिसूचना के अनुसार 31 मार्च 2026 तक जिन कर्मचारियों का मासिक वेतन 46 हजार रुपये या उससे कम है, उन्हें इस वर्ष 7,400 रुपये 'एड हॉक' बोनस मिलेगा। वर्ष 2025 में यह राशि 6,800 रुपये थी और वेतन की ऊपरी सीमा 44 हजार रुपये मासिक थी। यानी पिछले वर्ष की तुलना में इस बार एड हॉक बोनस 600 रुपये बढ़ाया गया है। वही, फेस्टिवल एडवांस भी पिछले साल की तुलना में बढ़ाया गया है। जिन कर्मचारियों का मासिक वेतन 46 हजार रुपये से अधिक लेकिन 54 हजार रुपये से अधिक नहीं है, वे अधिकतम 22 हजार रुपये तक फेस्टिवल एडवांस ले सकेंगे। पिछले वर्ष वेतन की सीमा 44 हजार से 52 हजार रुपये थी और 20 हजार रुपये अग्रिम दिया गया था। इस बार इसमें 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
यही नहीं राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए भी फेस्टिवल भत्ता घोषित किया है। 31 मार्च 2026 तक जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं या होने वाले हैं, उन्हें यह भत्ता मिलेगा। जिनकी मासिक पेंशन 40 हजार रुपये से कम है, उन्हें 3,800 रुपये मिलेंगे। पिछले वर्ष यह राशि 3,500 रुपये थी। पेंशन की ऊपरी सीमा भी 38 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये की गई है। यह सुविधा शैक्षणिक संस्थानों के कर्मचारियों, राज्य सरकार के अधीन सभी संस्थाओं के कर्मियों, पारिवारिक पेंशनभोगियों और अतिरिक्त पेंशन पाने वालों को भी मिलेगी। वहीं जिन अधीनस्थ संस्थाओं के कर्मचारियों का वेतन 10,000 रुपये या उससे कम है, उन्हें 3,500 रुपये बोनस दिया जाएगा।