कोहिमा / मॉस्को : मॉस्को में ‘इंडिया फेस्ट 2025’ के भव्य समापन समारोह में नागालैंड मुख्य आकर्षण रहा। नागालैंड के मुख्यमंत्री डॉ. नेफ्यू रियो ने इस आयोजन को भारत और रूस के बीच गहरी और स्थायी मित्रता का प्रमाण बताया।
ऐतिहासिक मानेझनाया स्क्वायर में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. नेफ्यू रियो ने अपने संबोधन में ‘भारतीय संस्कृति, संगीत, नृत्य, योग और व्यंजनों के जादू’ के माध्यम से दोनों देशों को करीब लाने के लिए इस उत्सव की सराहना की।उन्होंने नागालैंड को ‘अद्भुत सुंदरता और गहन सांस्कृतिक समृद्धि की भूमि’ के रूप में रेखांकित किया और रूसियों को राज्य की जीवंत परंपराओं और प्राकृतिक आकर्षण का आनंद लेने के लिए हार्दिक निमंत्रण दिया। सप्ताह भर चले इस उत्सव में नागालैंड प्रमुखता से शामिल रहा, जहां संगीत और कला कार्य बल (टाफ्मा) द्वारा गठित 25 सदस्यीय सांस्कृतिक प्रतिनिधिमंडल ने लोकगीत, फ्यूजन और यहां तक कि एक रूसी गीत में शानदार प्रदर्शन किया, जिसे मॉस्को के दर्शकों ने खूब सराहा। गुजरात के प्रदर्शनों ने भी मंच पर भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री के सलाहकार हेकानी जाखलू के नेतृत्व में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा स्थापित नागालैंड पैवेलियन में वस्त्र, हस्तशिल्प, नागालैंड कॉफी और कृषि उत्पादों सहित ‘मेड इन नागालैंड’ उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, जिसने रूसी पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया। इस बीच मंत्री तेम्जेन इम्ना अलोंग के नेतृत्व में पर्यटन विभाग ने ‘अतुल्य भारत’ अभियान के तहत नागालैंड को एक शीर्ष गंतव्य के रूप में प्रचारित किया। पर्यटन अधिकारियों ने रूसी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए मल्टीमीडिया प्रस्तुतियां, संवाद और साहित्य साझा किया। डॉ. रियो ने इस अवसर पर मॉस्को नगर सरकार को नागालैंड के प्रतिष्ठित हॉर्नबिल महोत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया और मॉस्को नगर सरकार के सहयोग से इस कार्यक्रम के सुचारू आयोजन के लिए राजदूत विनय कुमार और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास की सराहना की। विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित भारतीय राजदूत विनय कुमार ने महोत्सव की सफलता की प्रशंसा की और विशेष रूप से नागालैंड के योगदान को भारत की सांस्कृतिक विविधता का प्रतिबिम्ब बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘इंडिया फेेस्ट 2025’ ने न केवल द्विपक्षीय कूटनीति को बल्कि लोगों के बीच संबंधों को भी मजबूत किया है। अपनी यात्रा के दौरान डॉ. रियो ने प्रवासी भारतीयों और व्यापारिक समुदाय से भी मुलाकात की। उन्होंने भारतीय राजदूत के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और रशिया टुडे पर एक विशेष टेलीविजन चर्चा में भाग लिया, जहां उन्होंने चैनल के मुख्यालय का भी दौरा किया। यह कार्यक्रम एकता, विविधता और मजबूत होती अंतरराष्ट्रीय मैत्री के संदेश के साथ संपन्न हुआ, जहां नागालैंड ने मास्को के हृदय पर एक अमिट छाप छोड़ी।