म्यांमा की पूर्व नेता आंग सान सू ची 
देश/विदेश

म्यांमा : सू ची ने पांच साल से अधिक समय बाद बेटे से फोन पर बात की

बेटे किम एरिस से पहली बार फोन पर बात करने की अनुमति दी गई

Bharat Paswan

बैंकॉक : हिरासत में रह रहीं म्यांमा की पूर्व नेता आंग सान सू ची को पांच साल से अधिक समय बाद बृहस्पतिवार को अपने बेटे किम एरिस से पहली बार फोन पर बात करने की अनुमति दी गई। उनके बेटे ने फेसबुक पर इसकी जानकारी दी। सू ची फरवरी 2021 में सेना द्वारा तख्तापलट कर उनकी निर्वाचित सरकार को हटाए जाने के बाद से हिरासत में हैं। उन्हें फिलहाल घर में नजरबंद रखते हुए 18 साल की जेल की सजा दी जा रही है। सू ची को जिन आरोपों में दोषी ठहराया गया है, उस बारे में उनके समर्थकों और मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि वे राजनीति से प्रेरित हैं। वह फिलहाल नजरबंद हैं। एरिस ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘आज, पांच साल से अधिक समय बाद आखिरकार मैं अपनी मां, आंग सान सू ची से बात कर सका। उनकी आवाज दोबारा सुनने का एहसास शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।’’ म्यांमा के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग के प्रवक्ता खाइंग खाइंग सो ने टेलीग्राम पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि एरिस ने अपनी मां से 20 मिनट तक बातचीत की।

SCROLL FOR NEXT