देश/विदेश

मेरे पति और बेटे को बुरी तरह से परेशान किया गया: आयशा टाकिया

पूर्व अभिनेत्री ने किया दावा

पणजी : उत्तरी गोवा के कैंडोलिम गांव में सार्वजनिक स्थान पर हुए झगड़े को लेकर अबु फरहान आजमी पर मामला दर्ज होने के बाद पूर्व अभिनेत्री एवं उनकी पत्नी आयशा टाकिया ने कहा कि स्थानीय गुंडों ने उनके परिवार को ‘बुरी तरह से परेशान’ किया था। गोवा पुलिस ने मंगलवार को महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबु आजमी के बेटे अबु फरहान आजमी और अन्य के खिलाफ राज्य में सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा करने और शांति भंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया। पूर्व बॉलीवुड अभिनेत्री टाकिया ने मंगलवार को ‘इंस्टाग्राम स्टोरीज'' पर एक पोस्ट में कहा कि उनके पति ने मदद के लिए पुलिस को बुलाया था, लेकिन उनके खिलाफ ही शिकायत दर्ज कराई गई। टाकिया ने कहा,‘हमारे परिवार के लिए यह रात एक भयावह रात थी। अभी-अभी यह पोस्ट देखी और इसे साझा करना जरूरी है। मैं समय आने पर और भी चीजें साझा करूंगी। मेरे पति और बेटे को बुरी तरह से धमकाया गया और वे अपनी जान को लेकर डरे हुए थे क्योंकि गोवा के स्थानीय गुंडों ने उन्हें घेर लिया, उन्हें धमकाया और घंटों तक प्रताड़ित किया। उन्होंने पुलिस के साथ भी बुरी तरह मारपीट की, जिसे मेरे पति ने हमारे बेटे और अपनी सुरक्षा के लिए बुलाया था।’

SCROLL FOR NEXT