सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : पर्यटन विभाग, अंडमान तथा निकोबार प्रशासन, सभी संबद्ध विभागों के सहयोग से, 26 से 28 जून, 2026 तक श्री विजय पुरम स्थित प्रदर्शनी मैदान (आईटीएफ ग्राउंड) में मानसून फूड एंड स्पाइस फेस्ट रुमानसून फ्लेवर्स 2026 का आयोजन कर रहा है। इसके अतिरिक्त, कार्बाइंस कोव में बीच स्पोट्र्स का भी आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव का उद्देश्य स्थानीय उद्यमों के लिए एक जीवंत बाज़ार उपलब्ध कराना, सतत आजीविका और उद्यमिता को बढ़ावा देना और अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह को वर्ष भर सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल के रूप में प्रचारित करना है। इस कार्यक्रम में स्थानीय संगीत समूहों/बैंडों आदि द्वारा जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इच्छुक होटल मालिक, रेस्तरां मालिक, खाद्य विक्रेता, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) और व्यक्ति, पिछली परंपराओं के अनुसार, उत्सव के दौरान थीम आधारित वस्तुओं की बिक्री/प्रदर्शनी के लिए स्थान आरक्षित कर सकते हैं। स्थानीय मसालों, कृषि उत्पादों, बागवानी उत्पादों, जैविक उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और नवीन पाक कृतियों की बिक्री में शामिल विक्रेताओं को विशेष रूप से भाग लेने और अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। राज्य संघ भी मानसून उत्सव में भाग ले सकते हैं। स्वयं सहायता समूहों और राज्य संघों को स्थान निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के इच्छुक रचनात्मक स्वयंसेवकों को भी इस महोत्सव में आमंत्रित किया जाता है, जो स्वयं रचित कविता पाठ, नाटक प्रस्तुति, वाद्य यंत्र प्रदर्शन, लाइव कला और अन्य रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहते हैं। इसके अलावा, आर्म रेसलिंग और शतरंज जैसे इनडोर खेलों का आयोजन किया जाएगा और विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।