सेना के जवान 
देश/विदेश

सऊदी अरब पर हूतियों के मिसाइल-ड्रोन हमले

इराक में सरकार के साथ समझौते के बाद सुरक्षा बलों ने बगदाद के दक्षिण में ईरान समर्थित एक शक्तिशाली मिलिशिया के गढ़ में तैनाती शुरू कर दी।

Bharat Paswan

रियाद/बगदाद : पश्चिम एशिया में तनाव के बीच सऊदी अरब ने शुक्रवार को दावा किया कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने उसके क्षेत्र को निशाना बनाकर फिर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। वहीं, इराक में सरकार के साथ समझौते के बाद सुरक्षा बलों ने बगदाद के दक्षिण में ईरान समर्थित एक शक्तिशाली मिलिशिया के गढ़ में तैनाती शुरू कर दी। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के अनुसार, शुक्रवार सुबह देश की ओर दागे गए पांच ड्रोन और एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोक दिया गया। हमले के निशाने पर राजधानी रियाद भी थी। सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार से अब तक 13 आपातकालीन अलर्ट जारी कर लोगों को संभावित हमलों और मिसाइलों को रोकने के दौरान गिरने वाले मलबे के प्रति आगाह किया है। हूतियों ने शुक्रवार के हमलों की तत्काल जिम्मेदारी नहीं ली। इससे एक दिन पहले उन्होंने सऊदी हवाई अड्डों, सैन्य ठिकानों और रियाद के वित्तीय केंद्र को निशाना बनाने का दावा किया था। इस सप्ताह की शुरुआत में सऊदी अरब ने यमन के हूती-नियंत्रित इलाकों में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। उधर, इराकी सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को बगदाद के दक्षिण में स्थित जुर्फ अल-सखर इलाके के बाहरी हिस्से में कमान मुख्यालय स्थापित किया। यह क्षेत्र ईरान समर्थित कताइब हिजबुल्ला मिलिशिया का गढ़ माना जाता है। सरकार ने उस पर तेल तस्करी का आरोप लगाते हुए इलाके से हटने को कहा था। मिलिशिया ने सुरक्षा बलों के प्रवेश पर संघर्ष की चेतावनी दी थी। इराकी अधिकारियों के अनुसार, सरकार और मिलिशिया के बीच समझौते के तहत सेना, संघीय पुलिस और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी पुलिस वहां तैनात होगी। पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज के लड़ाके भी तैनाती में शामिल होंगे। यह समझौता ईरान की कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल कानी की मध्यस्थता से हुई बातचीत के बाद हुआ।

SCROLL FOR NEXT